इंस्टाग्राम ने 13+ कंटेंट रेटिंग्स से प्रेरित होकर टीन अकाउंट्स का विस्तार किया
16 अप्रैल 2026
मुख्य बातें
- इंस्टाग्राम अपने टीन अकाउंट्स को और बेहतर बनाकर इसका विस्तार कर रहा है। यह नया वर्जन 13+ उम्र की फिल्मों की रेटिंग और माता-पिता की सलाह से प्रेरित है।
- हमारा लक्ष्य है कि भारत के टीनेजर्स को डिफ़ॉल्ट रूप से वही कंटेंट दिखे जो उनकी उम्र के हिसाब से उचित हो – ठीक वैसे ही जैसे 13+ रेटेड फिल्म में दिखाया जाता है।
- अगर माता-पिता और ज्यादा सख्त नियंत्रण चाहते हैं, तो वे एक नई सेटिंग “लिमिटेड कंटेंट” चुन सकते हैं। इससे उनके टीनएजर को इंस्टाग्राम पर जो कंटेंट दिखता है, उस पर ज्यादा नियंत्रण मिलेगा।
आज हम भारत में उम्र के लिए उपयुक्त इंस्टाग्राम के 13+ कंटेंट रेटिंग और लिमिटेड कंटेंट सेटिंग का विस्तार करने की घोषणा कर रहे हैं।
इसका मतलब है कि टीनेजर्स को इंस्टाग्राम पर डिफ़ॉल्ट रूप से वही कंटेंट दिखेगा जो उनकी उम्र के हिसाब से उचित फिल्म में दिखाया जाता है।18 साल से कम उम्र के सभी टीनेजर्स को अपने आप अपडेटेड 13+ सेटिंग में रखा जाएगा। वे माता-पिता की अनुमति के बिना इस सेटिंग से बाहर नहीं निकल सकेंगे।
जैसे 13+ रेटेड फिल्म में कभी-कभी थोड़ी संकेतपूर्ण सामग्री या तेज भाषा सुनाई दे सकती है, वैसे ही इंस्टाग्राम पर टीनेजर्स को भी कभी-कभी ऐसी चीजें दिख सकती हैं। लेकिन हम लगातार कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी घटनाएं जितना हो सके उतनी कम हों। हम जानते हैं कि कोई भी सिस्टम परफेक्ट नहीं होता, इसलिए हम समय के साथ इसे और बेहतर बनाते रहेंगे।
हमें उम्मीद है कि यह अपडेट माता-पिता को भरोसा दिलाएगा कि हम इंस्टाग्राम पर टीनेजर्स को डिफ़ॉल्ट रूप से सुरक्षित और उम्र के हिसाब से उचित कंटेंट दिखाने के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही हम उन्हें अपने बच्चों के अनुभव को आकार देने के लिए और ज्यादा तरीके भी दे रहे हैं।
टीनेजर्स के लिए अपनी कंटेंट पॉलिसी को अपडेट करना, फिल्म रेटिंग्स के मानकों और पेरेंट्स के फीडबैक से प्रेरित
टीन अकाउंट्स पहले से ही किशोरों को अनुचित कंटेंट से बचाने के लिए बनाए गए थे। अब हमने अपने 13+ डिफ़ॉल्ट सेटिंग में और भी ज्यादा संभावित अनुचित कंटेंट को छिपाने के लिए उम्र-उपयुक्त दिशानिर्देशों को और बेहतर बनाया है।
हमने फैसला किया है कि अपनी नीतियों को एक स्वतंत्र और माता-पिता से परिचित मानक के साथ जोड़ें। इसलिए हमने अपनी उम्र-उपयुक्त गाइडलाइंस की तुलना 13+ उम्र वाली फिल्मों की रेटिंग से की और उन्हें उसी के अनुसार अपडेट किया। हालाँकि फिल्मोंऔर सोशल मीडिया में फर्क तो है, लेकिन हमने ये बदलाव इसलिए किए हैं ताकि 13+ सेटिंग में टीनेजर्स का अनुभव इंस्टाग्राम पर 13+ रेटेड फिल्म देखने जैसा महसूस हो।
हमारी लंबे समय से चली आ रही नीतियों के अलावा – जिनमें पहले से ही यौन संकेत वाली सामग्री, हिंसक या परेशान करने वाली तस्वीरें, और शराब-तंबाकू जैसे वयस्क कंटेंट को टीनेजर्स से छिपाया या सुझाव नहीं दिया जाता है – अब हमारी अपडेटेड नीतियां और भी आगे जा रही हैं। इसमें अब गंदी भाषा वाले पोस्ट, खतरनाक स्टंट्स, ऐसे कंटेंट जो नुकसानदायक व्यवहार को बढ़ावा दे सके, जैसे मारिजुआना (गांजा) से जुड़ी चीजें दिखाने वाले पोस्ट भी शामिल हैं। इन सब को अब छिपाया जाएगा या सुझाव नहीं दिया जाएगा।
टीन अकाउंट्स में सुरक्षा बढ़ाना
हमने अपनी तकनीक को और बेहतर बनाया है ताकि हम उन कंटेंट को पहले से ही पहचान सकें जो हमारी नई उम्र-उपयुक्त गाइडलाइंस के खिलाफ है। हम इस बेहतर तकनीक का इस्तेमाल पूरे इंस्टाग्राम पर कर रहे हैं, जिसमें शामिल है:
- अकाउंट्स: टीनएजर्स अब उन अकाउंट्स को फॉलो नहीं कर सकेंगे जिन्हें हमने पाया है कि वे नियमित रूप से उम्र के लिए अनुचित कंटेंट शेयर करते हैं। अगर अकाउंट का नाम या बायो भी टीनेजर्स के लिए अनुचित लगता है, तो भी वे उसे फॉलो नहीं कर पाएंगे। अगर टीनेजर पहले से ही ऐसे अकाउंट्स को फॉलो कर रहे हैं, तो अब वे उनके कंटेंट को देख या इंटरैक्ट नहीं कर सकेंगे, उन्हें डायरेक्ट मैसेज (डीएम) नहीं भेज सकेंगे, और न ही किसी भी पोस्ट के नीचे उनके कमेंट्स देख सकेंगे। हम ऐसे अकाउंट्स को टीनेजर्स को सुझाव नहीं देंगे और सर्च में उन्हें ढूंढना भी मुश्किल बना देंगे। ये सुरक्षा दोनों तरफ से काम करती है – ऐसे अकाउंट्स भी टीनेजर्स को फॉलो नहीं कर सकेंगे, उन्हें डीएम नहीं भेज सकेंगे और उनके पोस्ट पर कमेंट नहीं कर सकेंगे।
- सर्च : हम पहले से ही कुछ संवेदनशील विषयों जैसे सुसाइड, सेल्फ-हार्म और ईटिंग डिसऑर्डर से जुड़े सर्च टर्म्स को ब्लॉक करते हैं। अब हम टीनेजर्स के लिए और ज्यादा परिपक्व सर्च टर्म्स के रिजल्ट्स को भी ब्लॉक कर देंगे, जैसे ‘एल्कोहॉल’ या ‘गोर’। हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि अगर ये शब्द गलत स्पेलिंग में लिखे जाएं, तब भी वे ब्लॉक रहें।
- कंटेंट अनुभव: टीनेजर्स को अब सिफारिशों (एक्स्प्लोर, रील्स और फीड) में, अपने फीड में, स्टोरीज़ में या कमेंट्स में वह कंटेंट नहीं दिखना चाहिए जो हमारी नई गाइडलाइंस के खिलाफ हो। यह तब भी लागू होगा जब वह कंटेंट उनके फॉलो किए हुए किसी व्यक्ति द्वारा शेयर किया गया हो। अगर कोई व्यक्ति टीनेजर को ऐसे कंटेंट का लिंक डीएम में भेजता है, तो वे उसे खोल भी नहीं सकेंगे।
- एआई: हमने किशोरों के लिए अपने एआई अनुभवों को भी अपडेट कर दिया है। यह 13+ उम्र वाली फिल्मों की रेटिंग से प्रेरित है। इसका मतलब है कि एआई अब टीनेजर्स को ऐसी उम्र-के-लिए-अनुचित जवाब नहीं देगा जो 13+ रेटेड फिल्म में फिट न बैठता हो।
लिमिटेड कंटेंट की पेशकश: अतिरिक्त कंट्रोल चाहने वाले पेरेंट्स के लिए एक नई और ज्यादा सख्त सेटिंग
हर परिवार अलग होता है। कुछ माता-पिता को 13+ उम्र वाली फिल्में भी अपने टीनेजर के लिए काफी मैच्योर लग सकती हैं। इसीलिए हम एक नई और ज्यादा सख्त सेटिंग की पेशकश कर रहे हैं, जिसका नाम है ‘लिमिटेड कंटेंट’। यह सेटिंग टीन अकाउंट के अनुभव से और भी ज्यादा कंटेंट को फिल्टर कर देगी। साथ ही इसमें टीनेजर्स की क्षमता को पूरी तरह हटा दिया जाएगा कि वे किसी भी पोस्ट के नीचे कमेंट्स देख सकें, कमेंट छोड़ सकें या कमेंट्स प्राप्त कर सकें।
इन बदलावों का कब तक इंतजार करना होगा
अपडेटेड कंटेंट सेटिंग्स भारत में टीन अकाउंट्स पर धीरे-धीरे रोल आउट होना शुरू हो गई हैं। ये बदलाव आने वाले कुछ महीनों में पूरी तरह लागू हो जाएंगे।












